चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है। फिल्म जगत से राजनीति में आए थलपति सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की सत्ता संभाल ली। राजधानी चेन्नई में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में देशभर की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उपस्थिति ने समारोह को खास बना दिया।
विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया। पार्टी को 108 सीटों पर जीत मिली, जिसके बाद कांग्रेस सहित अन्य सहयोगी दलों ने समर्थन देकर सरकार गठन का रास्ता साफ किया। राजनीतिक गलियारों में इसे तमिलनाडु की राजनीति का बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय ने बिना देर किए प्रशासनिक कामकाज शुरू कर दिया। सचिवालय पहुंचते ही उन्होंने कई अहम प्रस्तावों पर हस्ताक्षर किए। नई सरकार के शुरुआती फैसलों में प्रदेश के उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा प्रमुख रही। इसके अलावा राज्य में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया गया।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने अलग महिला सुरक्षा स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का भी ऐलान किया है। सरकार का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। चेन्नई समेत कई शहरों में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी की। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि विजय की एंट्री ने तमिलनाडु की राजनीति में नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर दी है और आने वाले समय में राज्य की सियासत में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group