मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने चलती कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में कार सवार एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना जौली रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बहादरपुर निवासी शशि मोहन अपने तीन दोस्तों के साथ बालेनो कार में सवार होकर शहर की ओर जा रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे उनकी कार जैसे ही कूकड़ा के पास पहुंची, तभी पीछे से बाइक पर आए कुछ युवकों ने कार को घेर लिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, हमलावरों ने सीधे कार पर फायरिंग शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क से गुजर रहे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले के दौरान एक गोली शशि मोहन को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सीट पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए।घायल युवक को उसके साथियों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। अस्पताल में घायल के परिजनों और परिचितों की भीड़ लग गई। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।घायल के साथी नदीम चौधरी ने पुलिस को बताया कि हमलावरों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। करीब दो वर्ष पहले हुए विवाद के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।सूचना मिलते ही नई मंडी क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायल युवक व उसके साथियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group