मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में हुई बड़ी डकैती की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। पीतल कारोबारी के घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को हथियारों के बल पर कब्जे में लेकर लाखों की नकदी और भारी मात्रा में जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।घटना अकबर कंपाउंड इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पीतल कारोबारी मोहम्मद असलम अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे पांच बदमाश मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। सभी ने चेहरे ढक रखे थे और उनके हाथों में हथियार थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को डरा-धमकाकर एक जगह बैठा दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। उन्होंने अलमारियों, लॉकर और कमरों की तलाशी ली। परिवार के लोगों के अनुसार आरोपी काफी देर तक घर के भीतर रहे और आराम से कीमती सामान समेटते रहे। बदमाश घर से करीब एक करोड़ बीस लाख रुपये की नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने पीछे कोई सबूत न छोड़ें, इसके लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर साथ ले गए। वारदात के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी रणविजय सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों के आने-जाने के रास्तों की भी जांच कर रही है।प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बदमाशों को घर और कारोबारी की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी करीबी या परिचित ने बदमाशों को सूचना तो नहीं दी।इस बड़ी वारदात के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group