कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम संबंधों का बेहद दर्दनाक और खौफनाक अंत देखने को मिला। गांव के एक मकान में युवक और नाबालिग किशोरी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, जबकि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार मृतक युवक शिशुपाल पिछले कुछ समय से अपनी रिश्तेदारी में अकारू गांव में रह रहा था। गांव में रहने के दौरान उसकी पड़ोस की एक नाबालिग किशोरी से नजदीकियां बढ़ गई थीं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों अक्सर एक-दूसरे से बातचीत करते देखे जाते थे और इस रिश्ते की चर्चा गांव में भी होती रहती थी।बताया जा रहा है कि मंगलवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आशंका है कि कहासुनी के बाद युवक ने गुस्से में आकर किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।काफी देर तक कमरे से कोई आवाज न आने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर सभी दंग रह गए। कमरे में किशोरी का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है, हालांकि हर पहलू को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है।घटना के बाद दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।