गंगोह क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव चमनपुरा के निकट हुई बाइक भिड़ंत में 70 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा गंगोह के मोहल्ला पठानपुरा निवासी सुमित कुमार अपने चाचा सोम कुमार और बुजुर्ग दादी करेशनी देवी के साथ बाइक से करनाल की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रात के समय जब उनकी बाइक गांव चमनपुरा के पास पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजनों का आरोप है कि दूसरी बाइक चला रहा युवक शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन दौड़ा रहा था। हादसे में करेशनी देवी और सोम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद करेशनी देवी की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।वहीं हादसे में घायल सोम कुमार का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group