मुजफ्फरनगर। जनपद के सिसौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को उस समय अलग माहौल देखने को मिला, जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया स्वयं अस्पताल पहुंचे और मरीजों की ओपीडी की। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करने के साथ मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सीधे ओपीडी में बैठकर मरीजों को देखने से क्षेत्रीय लोगों में संतोष दिखाई दिया।निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था, दवा वितरण, उपचार कक्षों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। डॉ. सुनील तेवतिया ने मरीजों की समस्याएं सुनकर उनका परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान कई मरीजों को दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रत्येक बृहस्पतिवार को सिसौली स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी किए जाने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को काफी राहत मिल रही है। पहले जहां लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के लिए दूर जाना पड़ता था, वहीं अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी हैं।मरीजों और उनके परिजनों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्वयं स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों को देखने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि इससे स्वास्थ्य विभाग के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है।