मेरठ। जनपद के टीपी नगर क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, पीड़िता ने कुछ पुलिसकर्मियों पर भी ससुराल पक्ष का साथ देने और कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर महिला अपने बच्चों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की मांग की।मलियाना क्षेत्र निवासी महिला का कहना है कि उसने परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से ससुराल पक्ष उससे नाराज चल रहा था। आरोप है कि कुछ दिन पहले देर रात उसके ससुराल पक्ष के लोग घर पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि उसके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। विरोध करने पर बच्चों को भी धक्का-मुक्की में चोटें आईं।पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान घर में तोड़फोड़ की गई और नकदी तथा आभूषण भी गायब हो गए। महिला का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने उसकी मदद करने के बजाय उसे ही घर से बाहर निकलवा दिया। इसके बाद उसे बच्चों सहित थाने ले जाया गया, जहां देर रात तक बैठाए रखा गया।महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि घटना के बाद से वह लगातार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group