मध्य प्रदेश। खरगोन जिले में एक परिवार की शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। विवाह की रस्मों के दौरान दुल्हन की तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हल्दी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।बताया जा रहा है कि कसरावद क्षेत्र निवासी युवती राखी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत हल्दी की रस्म आयोजित की गई थी। रस्म के दौरान जैसे ही दुल्हन को हल्दी लगाई गई, कुछ देर बाद उसके शरीर पर लाल निशान उभरने लगे और उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेज दिया।परिजनों के अनुसार इंदौर में भी उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी का माहौल शोक में बदल गया। चिकित्सकों का कहना है कि युवती को किसी प्रकार की तीव्र एलर्जी या रासायनिक प्रतिक्रिया हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर हल्दी के नमूने एकत्र किए हैं। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्रों से भी हल्दी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसमें किसी प्रकार की मिलावट या हानिकारक पदार्थ तो मौजूद नहीं था।अधिकारियों के अनुसार समारोह में मौजूद अन्य लोगों ने भी वही हल्दी इस्तेमाल की थी, लेकिन किसी अन्य व्यक्ति की तबीयत नहीं बिगड़ी। इसी कारण जांच टीम हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।