जानसठ। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन को सुरक्षा और न्याय दिलाना है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण होना चाहिए।बैठक में क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कोतवाली में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना जाए और किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े अपराधों तथा आनलाइन माध्यम से होने वाली ठगी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अपराध नियंत्रण को लेकर क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा हिस्ट्रीशीटरों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और मुख्य मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में क्षेत्राधिकारी ने सामाजिक माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि माहौल खराब करने वाली भ्रामक सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जाए और ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कदम उठाए जाएं।प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी ने अनुशासन, समयपालन और वर्दी की गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि उसके व्यवहार और कार्यप्रणाली से बनती है, इसलिए प्रत्येक कर्मी को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभानी चाहिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित विभिन्न चौकियों के उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवान मौजूद रहे।