गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र के रावली कला गांव में एक बुजुर्ग दंपति के बीच घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया। 80 वर्षीय वृद्ध ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी और इसके बाद सीधे पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।जानकारी के अनुसार रावली कला निवासी हरपाल अपनी 72 वर्षीय पत्नी उर्मिला के साथ घर पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। शुक्रवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर हरपाल ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उर्मिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शनिवार सुबह स्वयं रावली पुलिस चौकी पहुंच गया और पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी। आरोपी की बात सुनकर पुलिस भी कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां घर के अंदर चारपाई पर महिला का शव खून से सना हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। परिजनों के अनुसार वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाता था और घर में विवाद करता रहता था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में मौजूद थे, जबकि कुछ सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। सुबह पुलिस के पहुंचने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घरेलू विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। गांव के लोग भी इस घटना से हैरान हैं, क्योंकि जिस उम्र में लोग शांत जीवन की उम्मीद करते हैं, उसी उम्र में हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group