मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। भीषण गर्मी के बावजूद अभी तक स्कूलों में अवकाश घोषित नहीं किए जाने से अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें सामने आने लगी हैं। कई बच्चों को उल्टी, दस्त, तेज बुखार और कमजोरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल और निजी चिकित्सकों के यहां भी गर्मी से बीमार होने वाले बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सकों का कहना है कि लगातार धूप और शरीर में पानी की कमी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन की समस्या तेजी से बढ़ रही है।अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों को सुबह स्कूल भेजना अब जोखिम भरा होता जा रहा है। दोपहर के समय घर लौटते वक्त तेज लू और गर्म हवाएं बच्चों की सेहत पर सीधा असर डाल रही हैं। कई अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूलों के समय में बदलाव या शीघ्र ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग की है।शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई देने लगी हैं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।चिकित्सकों ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों को अधिक से अधिक पानी, ओआरएस और तरल पदार्थ दें तथा तेज धूप से बचाकर रखें। वहीं, सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की है।