बिजनौर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाखरपुर गढ़ी में नाबालिग युवक के कथित धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद जिले में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर नौकरी का झांसा देकर किशोर को कश्मीर ले जाने तथा वहां दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।बताया गया है कि गांव निवासी विशाल कुछ समय पूर्व रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर गया था। परिजनों का आरोप है कि उसे अच्छी नौकरी और अधिक कमाई का लालच देकर कश्मीर ले जाया गया। वहां कथित रूप से मानसिक दबाव बनाकर उससे इस्लाम धर्म स्वीकार कराया गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक धर्म परिवर्तन करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।पीड़ित पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस अधिकारियों को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनका पुत्र नाबालिग है और उसे बहला-फुसलाकर घर से दूर ले जाया गया। उन्होंने कहा कि परिवार अपने बेटे की सकुशल वापसी चाहता है और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करता है।मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। भाजपा नेता मौसम चौधरी ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि युवक इस समय कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में है तथा उसका नाम बदल दिया गया है। उनका कहना है कि युवक के वापस आने के बाद पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।उधर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता भी जांची जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यदि जांच में युवक के नाबालिग होने और जबरन धर्म परिवर्तन कराने की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।