शामली। जनपद के कैराना क्षेत्र के गांव बराला में मंगलवार सुबह बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, सरकारी अभिलेख फाड़ दिए तथा उपखंड अधिकारी की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग को गांव बराला में लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर मंगलवार प्रातः उपखंड अधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम गांव में जांच अभियान चलाने पहुंची थी। टीम में अवर अभियंता नितीश कुमार, अवर अभियंता प्रदीप कुमार सहित कई कर्मचारी एवं लाइनमैन शामिल थे।बताया गया कि टीम ने गांव में बिजली कनेक्शनों की जांच शुरू की, तभी कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने विभागीय टीम को घेर लिया तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की।स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब उपद्रवियों ने विभागीय कागजात फाड़ दिए और उपखंड अधिकारी की सरकारी गाड़ी पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विभागीय कर्मचारी किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि विभागीय अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है तथा गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group