मुजफ्फरनगर, 19 मई 26। जनपद के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से सऊदी अरब, जर्मनी, जापान और इजराइल जैसे देशों में विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला सेवायोजन अधिकारी पारूल सिंघल ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।उन्होंने बताया कि रिक्रूटमेंट एजेंसी क्रिएटिव इंटरप्राइजेज के माध्यम से सऊदी अरब में स्ट्रक्चर वेल्डर, वेल्डर, फैब्रिकेशन टेक्नीशियन, प्लंबर सहित कई तकनीकी पदों पर भर्ती की जा रही है। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 60 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन दिया जाएगा।इसके अतिरिक्त जर्मनी, जापान एवं इजराइल में नर्सिंग, केयरगिवर तथा पेशेंट केयरटेकर जैसे पदों पर भी भर्ती निकाली गई है। इन पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को करीब 1 लाख 16 हजार रुपये से लेकर 2 लाख 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतन पैकेज प्रदान किया जाएगा।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि पासपोर्ट धारक, अनुभवी एवं फ्रेशर दोनों प्रकार के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थियों को rojgaarsangam.up.gov.in� पर पंजीकरण कर आवेदन करना होगा।उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण कर विदेश में रोजगार पाने के इस अवसर का लाभ उठाएं।