मुजफ्फरनगर। जिले में शराब की अवैध बिक्री और ओवररेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान चलाया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी निरीक्षकों ने विभिन्न मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर बिक्री व्यवस्था और उपलब्ध स्टॉक की जांच की।अधिकारियों ने दुकानों पर पीओएस मशीन के माध्यम से शराब की बिक्री की स्थिति देखी। दुकानों में मौजूद स्टॉक का अभिलेखों से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया गया। शराब निर्धारित मूल्य पर ही बेची जा रही है या नहीं, इसकी पड़ताल के लिए विभागीय टीमों ने गोपनीय तरीके से परीक्षण खरीद भी कराई।इसी क्रम में जानसठ क्षेत्र के शुक्रताल और खादर इलाके में भी टीमों ने दबिश दी। अवैध शराब की संभावना को देखते हुए संदिग्ध स्थानों और कुछ घरों की तलाशी ली गई। विभाग ने क्षेत्र में अवैध मदिरा से जुड़ी गतिविधियों की सूचना जुटाने के लिए अपने सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया।आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान शराब की दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन कराने और अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।