मुजफ्फरनगर। खतौली में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। चीतल पुल के निकट सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर क्षेत्र के गांव बिचौला निवासी 35 वर्षीय हरेंद्र शर्मा किसी कार्य से खतौली क्षेत्र में आए हुए थे। बताया गया कि वह चीतल पुल के पास हाईवे पार करने का प्रयास कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरेंद्र शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर खतौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटवाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। मृतक के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन की सहायता से उसकी पहचान हरेंद्र शर्मा पुत्र राजेंद्र निवासी गांव बिचौला, थाना अनूपशहर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और गांव के कई लोग खतौली पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।