मुंबई। महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर मंगलवार देर रात अचानक अफवाहों का दौर शुरू हो गया, जिसके बाद उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई। इंटरनेट पर वायरल हो रही कई खबरों में दावा किया गया कि अभिनेता को पेट संबंधी समस्या के चलते मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि बाद में सामने आई जानकारी में इन सभी खबरों को निराधार बताया गया।करीबी सूत्रों के अनुसार अमिताभ बच्चन नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे और सभी जांच पूरी होने के बाद वह उसी दिन अपने घर लौट आए। सूत्रों ने स्पष्ट किया कि अभिनेता पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या जैसी कोई स्थिति नहीं है।सोशल मीडिया पर अफवाहों को उस समय और बल मिला जब कुछ रिपोर्ट्स में यह कहा गया कि बिग बी पिछले कई दिनों से अस्पताल के वीआईपी वार्ड में भर्ती हैं। वहीं अभिनेता अभिषेक बच्चन के अस्पताल पहुंचने की चर्चा ने भी लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी। हालांकि बाद में अभिनेता को मुंबई में सामान्य रूप से आते-जाते देखा गया, जिससे स्पष्ट हो गया कि उनकी हालत सामान्य है।इन चर्चाओं के बीच अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए भी बिना सीधे नाम लिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि जब वह कुछ समय शांत रहते हैं तो लोग तरह-तरह की कहानियां बनाना शुरू कर देते हैं, जबकि वह घर पर आराम से समय बिता रहे होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group