बागपत। खेकड़ा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेकड़ा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, अवैध हथियार और विद्युत चोरी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।जानकारी के अनुसार खेकड़ा थाना पुलिस देर रात क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बड़ा गांव और मुबारिकपुर लिंक रोड के बीच पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।पकड़े गए आरोपी की पहचान नईम पुत्र अख्तर निवासी फरूखनगर थाना टीला मोड़ जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि नईम लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। बताया गया कि वह किराये के मकानों में रहकर वारदातों को अंजाम देता था और पुलिस से बचने के लिए लगातार स्थान बदलता रहता था।थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद, बुलंदशहर और बागपत जनपद के विभिन्न थानों में दस से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, विद्युत चोरी, आयुध अधिनियम और अन्य संगीन धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं देर रात हुई फायरिंग से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group