फरीदाबाद। खेड़ी पुल क्षेत्र की भारत कॉलोनी में शनिवार दोपहर तेज आंधी के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्कूल से सटी निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे स्कूल की छत का हिस्सा टूटकर कक्षा में जा गिरा। हादसे के समय कमरे में मौजूद कई बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर के समय मौसम अचानक बदला और तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। इसी दौरान पास में बन रही बहुमंजिला इमारत की नई दीवार तेज हवा का दबाव नहीं झेल सकी और स्कूल भवन की ओर ढह गई। भारी मलबा सीधे उस कक्षा पर गिरा, जहां बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। हादसे के बाद स्कूल स्टाफ ने तत्काल साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया।शिक्षकों और कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही परिजन भी घबराए हुए स्कूल पहुंच गए। घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि चार बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। लोगों का कहना है कि बिना मजबूत सपोर्ट और सुरक्षा इंतजामों के ऊंची इमारत का निर्माण कराया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। निर्माणाधीन भवन के मालिक और ठेकेदार की भूमिका को लेकर पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।