मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र में दुकान पर बैठी एक किशोरी के साथ अभद्रता किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और चर्चा में आ गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ कानून हाथ में लेने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार थाना चरथावल क्षेत्र के एक गांव में किशोरी अपनी दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव नगला राई निवासी वसीम पुत्र भूरा उर्फ खालिद वहां पहुंचा और उससे बातचीत के दौरान अभद्र व्यवहार करते हुए मोबाइल नंबर मांगने लगा। किशोरी द्वारा विरोध जताने पर मामला परिजनों तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई।शिकायत के आधार पर चरथावल पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी शुरू कर दी है।इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग आरोपी युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित लोगों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी विवाद या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।