लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित अहम बैठक में बसपा सुप्रीमो मायावती ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में उतरने का संदेश दिया। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की पकड़ बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी पार्टियां जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाकर भावनात्मक और भ्रामक राजनीति करने में लगी हुई हैं, जबकि जनता विकास और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है।बसपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी को बदलते राजनीतिक हालात के अनुसार खुद को और अधिक सक्रिय बनाना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव, कस्बों और शहरों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जाए और समाज के सभी वर्गों तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि बसपा की राजनीति हमेशा सामाजिक सम्मान, कानून का राज और सर्वसमाज के हितों पर आधारित रही है।मायावती ने चुनावी तैयारियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यकर्ता पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करें। उन्होंने संकेत दिए कि आगामी चुनाव में प्रत्याशियों के चयन में साफ छवि, जनसंपर्क और संगठनात्मक सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी।बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। संगठन की मजबूती, जनाधार विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बसपा नेतृत्व ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब वैकल्पिक नेतृत्व की तलाश में है और पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती से मैदान में उतरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group