मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब मुजफ्फरनगर से खतौली की ओर जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक चलते-चलते आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते कार से उठीं लपटों ने पूरे वाहन को अपनी गिरफ्त में ले लिया और कुछ ही मिनटों में कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।हादसा भैंसी कट फ्लाईओवर के नीचे हुआ, जहां अचानक कार के इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने पहले इसे सामान्य तकनीकी खराबी समझा, लेकिन कुछ ही क्षणों में इंजन के हिस्से से तेज आग की लपटें निकलने लगीं। हालात बिगड़ते देख चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका और बाहर निकल आया। इसके बाद आग ने तेजी से पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क से गुजर रहे लोग रुक गए और आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। आग इतनी भीषण थी कि दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। कई राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से घटना के वीडियो भी बनाए। कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। वाहन का अधिकांश हिस्सा राख में तब्दील हो गया और केवल लोहे का ढांचा ही बचा।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या वाहन में अचानक आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।