बिजनौर। जिले में रविवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हैरानी में डाल दिया। मस्जिद के बाहर खड़ी बाइक से करीब एक लाख रुपये से भरी थैली अचानक गायब हो गई। पहले लोगों को चोरी की आशंका हुई, लेकिन जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो मामला बेहद चौंकाने वाला निकला। फुटेज में एक आवारा कुत्ता बाइक पर टंगी थैली को मुंह में दबाकर ले जाता दिखाई दिया।जानकारी के अनुसार शहर के दवा कारोबारी नवाब अहमद नमाज अदा करने के लिए मस्जिद पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक मस्जिद के बाहर खड़ी की थी। बाइक के हैंडल पर एक थैली टंगी हुई थी, जिसमें करीब एक लाख रुपये नकद रखे थे। नमाज अदा करने के बाद जब वह बाहर आए तो बाइक से थैली गायब देखकर उनके होश उड़ गए।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। शुरुआत में आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर थैली चोरी कर ली होगी। कारोबारी ने भी आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।फुटेज में जो तस्वीर सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। कैमरे में एक आवारा कुत्ता धीरे-धीरे बाइक के पास आता दिखाई देता है। कुछ देर सूंघने के बाद वह थैली को अपने जबड़े में दबाता है और वहां से भाग निकलता है। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया। वीडियो देखने के बाद वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।घटना के बाद कारोबारी ने आसपास के इलाकों में थैली की काफी तलाश कराई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। वहीं यह अनोखी घटना शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाओं के साथ साझा कर रहे हैं।