बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अवैध संबंधों के शक में अपने ही पिता और पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी मोमिन पेशे से क्लीनिक संचालक है। उसे काफी समय से अपनी पत्नी सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि मोमिन ने आपा खो दिया और पिता की लाइसेंसी पिस्टल से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घटना में रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सना को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की और करीब आधे घंटे के भीतर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया गया है कि मोमिन की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। करीब दस दिन पहले ही उसकी पत्नी ने एक पुत्र को जन्म दिया था। परिवार में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं आपसी शक और अविश्वास ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के शक की बात सामने आई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच कराई जा रही है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस दोहरे हत्याकांड को लेकर स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group