सहारनपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों में पति बाधा बन रहा था, जिसके चलते दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और सुनसान स्थान पर ले जाकर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को शाकंभरी विहार तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में समरयाब उर्फ समरा निवासी ताहरपुर और मृतक की पत्नी अफसाना शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर मृतक और उसकी पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। पुलिस के मुताबिक मृतक नशे का आदी था और घरेलू सामान तक बेच देता था, जिससे परिवार में तनाव बढ़ता जा रहा था। इसी के चलते दोनों आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई।जांच में सामने आया कि 20 मई की रात आरोपी ने मृतक को शराब पीने के बहाने गांव के बाहर एक खाली प्लॉट पर बुलाया। वहां शराब पिलाने के बाद जब वह नशे में बेसुध हो गया तो गमछे से उसका गला घोंट दिया गया। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल बना हुआ है।