मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने मंगलवार को नगरपालिका परिषद स्थित जनगणना सेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनगणना कार्यों में धीमी प्रगति और ड्यूटी पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एडीएम ने जनगणना से जुड़े अभिलेखों, कार्य प्रगति, उपस्थिति रजिस्टर और कार्यालय व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि जनगणना कार्य के लिए नामित कई कर्मचारी अब तक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए और नियमानुसार उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।इस अवसर पर नगरपालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह, जनगणना निदेशालय के जिला प्रभारी गौरव गुंजन सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।