मेरठ। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन संगठन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजकीय निर्माण निगम के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ठेकेदार से भुगतान जारी कराने के बदले मोटी रकम मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार का बिल लंबे समय से विभाग में लंबित चल रहा था। कई बार चक्कर लगाने के बावजूद भुगतान प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। आरोप है कि संबंधित जूनियर इंजीनियर ने फाइल आगे बढ़ाने और बिल पास कराने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी।ठेकेदार ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की, जिसके बाद अधिकारियों ने पूरे मामले का सत्यापन कर कार्रवाई की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से रकम बरामद करने के साथ ही आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए।कार्रवाई के दौरान आरोपी के चालक को भी हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं।