नोएडा। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों के दौरान गंभीर वारदातों में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पुलिस कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और घटनाओं में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किए हैं।थाना फेस-वन क्षेत्र में पुलिस ने उस आरोपी को दबोचा है, जिसने हरौला गांव में एक परिवार पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने देर रात घर में घुसकर सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। घटना में परिवार की चार महिलाएं और पुरुष घायल हुए थे, जिनमें से एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। सूचना मिलने पर सेक्टर-14 स्थित नाले के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, तमंचा और स्कूटी बरामद की गई है।दूसरी कार्रवाई ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक पुलिसकर्मी को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया और उसके साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।पेरिफेरल मार्ग के निकट पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने भागने के साथ पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक तमंचा और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में आगे की जांच की जा रही है और फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।