मथुरा। जनपद के थाना छाता क्षेत्र में रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें बाद में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार चेतक अकेडमी के निकट जंगल क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर थाना छाता पुलिस, रिवॉर्ड टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को घायल कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी साकिर और साबिर के रूप में हुई है। मुठभेड़ में एक आरोपी के बाएं पैर और दूसरे के दाएं पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिन्हें चोरी का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे और उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई थानों में चोरी, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत अनेक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।पूरी कार्रवाई थाना छाता प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों द्वारा अंजाम दी गई।