मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में संचालित अवैध शस्त्र निर्माण गिरोह का खुलासा किया है। संधावली कट के निकट बंद पड़ी फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संधावली कट के पास खंडहरनुमा परिसर में अवैध हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री की घेराबंदी की। इसी दौरान अंदर मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन लगातार फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में शमीम उर्फ सोनू और विशाल पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि अदनान और मुर्सलीन को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने 15 तैयार तमंचे, दो पिस्टल, चार अधबने तमंचे, कारतूस और बड़ी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी कब्जे में ली गई है। बरामद उपकरणों से स्पष्ट हुआ कि आरोपी संगठित तरीके से हथियार तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान स्थानों पर अस्थायी फैक्ट्री लगाकर अवैध हथियार तैयार करते थे और पुलिस की नजर से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और हथियार खरीदने वालों की जानकारी जुटाने में लगी है।एसएसपी ने कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता बताते हुए टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group