गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शहीद नगर चौकी अंतर्गत जवाहर पार्क इलाके में देर रात बदमाशों की दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्कूटी सवार दो युवकों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 से 12 राउंड चली गोलियों की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों व दुकानों में दुबक गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार होकर आए थे। बदमाश कुछ देर तक इलाके में घूमते रहे और फिर अचानक बंद पड़े मकान के बाहर रुककर फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही साहिबाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई कारतूसों के खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। जिस मकान पर फायरिंग की गई, उसके मालिक और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group