मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर भूसे से लदे ओवरलोड वाहनों के कारण लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतार और जाम की स्थिति का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस व परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।बुधवार को सीओ मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में नई मंडी पुलिस, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने भोपा रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान सड़क किनारे खड़े कई ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं, जिनकी वजह से यातायात प्रभावित हो रहा था।कार्रवाई के दौरान नौ वाहनों के चालान किए गए, जबकि बिना नंबर प्लेट संचालित हो रहे एक वाहन को सीज कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों पर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।प्रशासन का कहना है कि पेपर मिलों और फैक्ट्रियों के बाहर सड़क पर भारी वाहन खड़े होने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। इससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।सीओ मंडी राजू कुमार साव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित किया गया तो संबंधित वाहन चालकों के साथ फैक्ट्री और मिल संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।अभियान के बाद क्षेत्र में वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल दिखाई दिया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।