मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भिक्की में कई परिवारों द्वारा मकानों पर “पलायन” के पोस्टर लगाए जाने से गांव में सनसनी फैल गई। पोस्टर लगने के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रभावित परिवारों का आरोप है कि विवाद के बाद से उन्हें लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद दो पक्षों में कहासुनी और झगड़ा हो गया था। मामला बढ़ने पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए। कुछ आरोपियों को जेल भेजे जाने के बाद परिवारों में आक्रोश फैल गया।पीड़ित परिवारों का कहना है कि घरों के पुरुष सदस्य जेल में हैं या गांव छोड़कर चले गए हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें खेतों तक जाने में भी डर लग रहा है। उनका कहना है कि लगातार तनाव के चलते परिवार सामान्य जीवन नहीं जी पा रहे हैं।ग्रामीणों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। गांव में लगे पोस्टरों के बाद पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।उधर पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामला दो पक्षों के बीच विवाद से जुड़ा है और स्थिति नियंत्रण में है। सीओ मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टर लगाने वाले कुछ लोगों के खिलाफ पहले से गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group