मुजफ्फरनगर। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये कीमत के अवैध नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत विभिन्न मामलों में बरामद गांजा, चरस और डोडा को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 16 मुकदमों से संबंधित कुल 865.38 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया। इनमें बड़ी मात्रा में गांजा, चरस और डोडा शामिल था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ 16 लाख रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के नेतृत्व में गठित टीम ने न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पूरे मामले की प्रक्रिया पूरी कराई।अधिकारियों ने बताया कि बरामद मादक पदार्थों को मेरठ स्थित अधिकृत वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए इन्सिनरेटर के माध्यम से नष्ट किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारी और कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे।पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में सबसे अधिक मात्रा गांजे की रही, जबकि चरस और डोडा भी बड़ी मात्रा में शामिल था। यह बरामदगी बुढाना, नई मंडी और मीरापुर थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से संबंधित थी।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group