मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चोरावाला में दो शातिर युवकों ने फेरीवाले का रूप धारण कर महिला को ठगी का शिकार बना दिया। आरोपियों ने बातों में उलझाकर महिला से हजारों रुपये ऐंठ लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।पीड़िता बालेश्वरी के अनुसार मंगलवार सुबह एक युवक कपड़े बेचने के बहाने उनके घर के पास पहुंचा। उसने कपड़ों से भरा बैग दिखाते हुए उसे सस्ते दाम में बेचने की बात कही। इसी दौरान उसका दूसरा साथी भी वहां आ गया और महिला को यह कहकर विश्वास में लेने लगा कि बैग काफी कीमती है और यदि वह इसे खरीद लें तो बाद में वह अधिक रकम देकर इसे वापस ले लेगा।महिला दोनों युवकों की बातों में आ गई और मुनाफे के लालच में 5500 रुपये देकर बैग खरीद लिया। आरोप है कि रुपये लेते ही दोनों युवकों ने कुछ देर में वापस आने की बात कही और वहां से फरार हो गए।काफी देर तक आरोपी वापस नहीं लौटे तो महिला को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। बाद में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें दोनों संदिग्ध युवक नजर आए।पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group