गाजीपुर। शहर के एक प्रमुख होटल के बाहर देर रात दुस्साहसिक वारदात में होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने होटल के मुख्य द्वार पर युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई।सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल के संचालक आलोक राय के 29 वर्षीय पुत्र विनीत राय होटल प्रबंधन का कार्य संभालते थे। बताया गया कि शुक्रवार रात वह होटल से घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन किसी काम से दोबारा होटल परिसर में लौट आए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ग्राहक बनकर होटल के गेट पर पहुंचे और कुछ देर तक सामान्य बातचीत करते रहे। जैसे ही विनीत राय बाहर आए, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल विनीत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।वारदात के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश और रंगदारी के विवाद को घटना की वजह बताते हुए कुछ लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।दिनदहाड़े नहीं बल्कि शहर के व्यस्त इलाके में देर रात हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।