प्रयागराज। शहर के साउथ मलाका इलाके में एक कारोबारी परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड की साजिश परिवार के ही बड़े बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर रची थी। बाद में लूटे गए गहनों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने बड़े बेटे की भी हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार मृतक कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य के परिवार में लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बड़े बेटे अभिषेक का अपने पिता से कारोबार, संपत्ति और अन्य पारिवारिक मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि परिवार उसकी कुछ गतिविधियों से नाराज था और उसे संपत्ति से अलग करने की तैयारी कर रहा था। इसी बात को लेकर उसके मन में परिवार के प्रति नाराजगी बढ़ती चली गई।जांच में सामने आया है कि अभिषेक ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर परिवार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि दोनों ने मिलकर घर में मौजूद पिता, मां और बहन की हत्या कर दी। वारदात के बाद घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने भी अपने कब्जे में ले लिए।पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को कंबल और रजाई से ढक दिया, ताकि घटना का पता जल्दी न चल सके। इसके बाद दोनों आरोपी लूटे गए गहनों के साथ वहां से निकल गए।लेकिन अपराध की यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चली। पुलिस के मुताबिक गहनों और पैसे के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद में दोस्त ने अभिषेक की भी हत्या कर दी और फरार हो गया।मामले का खुलासा तब हुआ जब आसपास के लोगों को घर से तेज बदबू आने लगी। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर तीन शव मिले। वहीं बाद में अभिषेक का शव भी बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए कई अहम सुराग जुटाए।फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने खून के निशान और अन्य सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी।पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके पास से लूटे गए गहनों का बड़ा हिस्सा भी बरामद किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group