मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ी निवासी 16 वर्षीय किशोर अलीशान का शव गंग नहर से तीन दिन बाद बरामद होने से परिवार में मातम छा गया। जौली के निकट नहर में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए।जानकारी के अनुसार, अलीशान पुत्र शौकीन एल्यूमिनियम फेब्रिकेशन का काम करता था। सोमवार को वह अपनी बाइक लेकर गांव बेलड़ा स्थित अपने मामा के घर पहुंचा था। बताया जाता है कि वहां से उसने बेलड़ा गंग नहर पुल से तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था।घटना के बाद से ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस लगातार किशोर की तलाश में जुटे हुए थे। तीन दिनों तक नहर के किनारों और विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की जाती रही। आखिरकार बुधवार देर रात जौली क्षेत्र के पास नहर में अलीशान का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया।परिजनों ने पुलिस को लिखित रूप से अवगत कराया कि वे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। इसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। गुरुवार को गमगीन माहौल में अलीशान को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।फिलहाल किशोर द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के बाद मृतक के पिता शौकीन, माता गुलफाना तथा भाइयों आमिर और सादिक का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group