मुजफ्फरनग। मुजफ्फरनगर-चरथावल मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव तीरपड़ी निवासी शुभम पुत्र विजय अपने परिवार के साथ वर्तमान में चरथावल कस्बे में रह रहा था। वह मुजफ्फरनगर की जिला परिषद मार्केट स्थित एक दुकान पर नौकरी करता था। बुधवार देर शाम वह रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से काम खत्म कर घर लौट रहा था।बताया गया है कि मुजफ्फरनगर-चरथावल मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस के अनुसार, परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने तथा पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए लिखित अनुरोध दिया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। गमगीन माहौल में शुभम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।युवक की असमय मौत से कस्बे और उसके पैतृक गांव तीरपड़ी में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक परिवार को सांत्वना दी है।