मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के नावल्टी चौराहे पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं गिफ्ट शोरूम में देर रात अचानक लगी भीषण आग से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार नावल्टी चौराहे पर स्थित अरोरा इलेक्ट्रॉनिक एंड गिफ्ट शॉप में देर रात अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के भूतल से लेकर प्रथम तल तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, गिफ्ट आइटम और अन्य कीमती स्टॉक देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया।आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।दमकल कर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकना था। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काफी देर तक लपटें उठती रहीं, लेकिन फायर कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास के प्रतिष्ठान सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई थी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। लोगों में यह डर बना रहा कि कहीं आग आसपास की दुकानों तक न पहुंच जाए।हादसे में दुकान स्वामी अभिनव अरोड़ा को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। अपनी दुकान को आग की चपेट में देख वह गहरे सदमे में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को रवाना कर दिया गया था। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक आग दुकान के बड़े हिस्से में फैल चुकी थी। फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विभागीय स्तर पर विस्तृत जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।घटना के बाद बाजार के व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा उपायों की समीक्षा कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्रों में नियमित रूप से वायरिंग और सुरक्षा उपकरणों की जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group