मुजफ्फरनगर। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढ़ाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की 2845 शीशियां, तीन लाख रुपये की नकदी और एक कार बरामद की गई है।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर विज्ञाना जाने वाले रास्ते के निकट घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप बरामद हुई।पुलिस ने मौके से अमजद निवासी विकासनगर (उत्तराखंड), गुलवेज निवासी भूड़, खतौली तथा जोएब निवासी लोनी, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से 24 कार्टनों में भरी 2845 शीशियां बरामद हुईं। इसके अलावा तस्करी से अर्जित बताए जा रहे तीन लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गाजियाबाद निवासी शुभम नामक व्यक्ति से प्रतिबंधित कफ सिरप खरीदकर उत्तराखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार यह सिरप नशे के रूप में इस्तेमाल की जाती है, जिसके कारण युवाओं में इसकी मांग रहती है। आरोपी इसी मांग का फायदा उठाकर अवैध कारोबार से मोटा मुनाफा कमा रहे थे।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं पूरे नेटवर्क के मुख्य सप्लायर बताए जा रहे शुभम की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।एसएसपी ने कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।