सहारनपुर। सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई से सनसनी फैल गई। यूपी एटीएस और पंजाब की विशेष जांच एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए गांव बचीटी में छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि युवक का नाम पंजाब में चल रही एक संवेदनशील जांच के दौरान सामने आया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।सूत्रों के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे कई वाहनों में पहुंची टीम ने गांव बचीटी में दबिश दी। सुरक्षा एजेंसियों ने मोहम्मद मोहतसीम नामक युवक को उसके घर से हिरासत में लिया। कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि अधिकांश ग्रामीणों को इसकी जानकारी सुबह होने पर लगी। रात में गांव में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों को देखकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।जांच एजेंसियों के मुताबिक पंजाब में हाल ही में गिरफ्तार किए गए कुछ संदिग्धों से पूछताछ के दौरान देवबंद निवासी युवक के संपर्कों की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए गए हैं। इन उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इंटरनेट कॉलिंग और विभिन्न मैसेजिंग एप के जरिए हुए संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।स्थानीय पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हिरासत में लिया गया युवक पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में नामजद रह चुका है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी पहलुओं पर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।इस कार्रवाई के बाद देवबंद और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर उत्सुकता बनी हुई है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि आगामी पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।