शामली। दिल्ली रोड स्थित एक ढाबे पर भोजन कर रहे मजदूर का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में रखी नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार बिजनौर जनपद निवासी सतपाल शामली के गांव सुल्फा में चल रहे पुल निर्माण कार्य में मजदूरी करता है। गुरुवार दोपहर वह अंजना चौक स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुका था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका बैग चोरी कर लिया।बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही सतपाल ने ढाबे पर बैग की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति बैग वापस लेकर पहुंचा, लेकिन बैग की जांच करने पर उसमें रखी करीब 1300 रुपये की नकदी तथा कुछ जरूरी दस्तावेज गायब मिले।नकदी और कागजात न मिलने पर पीड़ित ने नाराजगी जताई और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद वह कोतवाली पहुंचा और अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।