मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। मवाना निवासी एक परिवार ने अपनी दो बेटियों के ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और गर्भवती विवाहिता को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़ने का आरोप लगाया है।पीड़ित बृज गोपाल के अनुसार उनकी बड़ी बेटी पूजा का विवाह वर्ष 2019 में गगोल निवासी अमित से हुआ था, जबकि छोटी बेटी आरती की शादी अमित के छोटे भाई मोहित उर्फ अरुण कुमार से की गई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही दोनों बहनों पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी न होने पर उनके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया।परिजनों का कहना है कि बेटियों के वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति से बढ़कर सहयोग किया और कई मांगें पूरी कीं, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।जब परिवार के लोग बेटियों से मिलने गगोल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि दोनों बाहर गई हैं। संदेह होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान बड़ी बेटी पूजा दिल्ली रोड स्थित एक सीएनजी पंप के पास बेहोशी की हालत में मिली। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।परिवार का आरोप है कि पूजा चार से पांच माह की गर्भवती है और उसके पति, देवर तथा ससुर ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची छोटी बहन आरती को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी अभद्रता व मारपीट की गई।मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने परतापुर थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group