मुजफ्फरनगर। तहसील सदर सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस में जल निगम, विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, राजस्व, नगर पालिका, श्रम, पेंशन, सड़क एवं पुलिस विभाग से जुड़ी कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच करें तथा एक सप्ताह के भीतर उनका संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए और मौके की फोटो रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए और कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अभिनव राज, तहसीलदार सदर राधेश्याम गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group