सहारनपुर। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष संदीप राणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।प्रदर्शन की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न मार्गों से मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में नाकाम साबित हुई है।उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। मेहनत से तैयारी करने वाले युवाओं में निराशा का माहौल है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा कि विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पारदर्शी व्यवस्था लागू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, रोजगार के अवसर बढ़ाने, पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।