मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ में घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।गांव निवासी नफीस पुत्र नवाब अली का आरोप है कि तीन जून की रात वह अपने एक परिचित के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और कहासुनी के बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जान बचाने के लिए वह एक मकान में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की।पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए आए लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना में उसे गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया है कि मारपीट की पूरी घटना किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन में कैद कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उसे न्याय नहीं मिला। उसका कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन आरोपियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं उसने कुछ लोगों पर पुलिस से सांठगांठ कर उसके खिलाफ कार्रवाई कराने का भी आरोप लगाया है।नफीस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।