गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा जनपद को 516 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कटरा और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर शासन और विकास का परिणाम अब हर जिले में दिखाई दे रहा है और गोंडा भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा का ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद समृद्ध रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन में भी जिले का महत्वपूर्ण योगदान रहा, लेकिन लंबे समय तक योजनाबद्ध विकास के अभाव में यह क्षेत्र पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से अब जिले की तस्वीर बदल रही है और युवाओं को नई पहचान मिल रही है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में सरकारी नौकरियों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। सरकार जाति, वर्ग या क्षेत्र नहीं देखती, बल्कि सभी को समान अवसर देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास” का संकल्प धरातल पर दिखाई दे रहा है।मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब सुरक्षा का माहौल है। बहन-बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं और त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होने दिया जाता। उन्होंने कहा कि अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आज राम मंदिर का सपना साकार हुआ है और देशभर के श्रद्धालु इसका दर्शन कर रहे हैं। इससे पूरे प्रदेश की पहचान और सम्मान बढ़ा है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब विकास केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल और तराई के जिलों में भी बड़े पैमाने पर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही पड़ोसी जनपद श्रावस्ती में हवाईअड्डे का निर्माण भी प्रगति पर है।मुख्यमंत्री ने बताया कि कटरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 256 करोड़ रुपये तथा करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में करीब 260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर रही है ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।कार्यक्रम में सांसद करण भूषण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक बावन सिंह, अजय सिंह, विनय द्विवेदी, प्रभात वर्मा, प्रेम नारायण पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से विकास योजनाओं को जनहित में तेजी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।