मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में आयोजित समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न और अन्य शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जनसुनवाई के दौरान सपना कश्यप ने पीड़ित महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक शिकायत का समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए।समीक्षा बैठक में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सपना कश्यप ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन इनका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनकी जानकारी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए गए। उपस्थित महिलाओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा कर उनके प्रभावी निस्तारण पर चर्चा की।