मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग स्थित बसधाड़ा पुलिया के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी रजवाहा पटरी की ओर मुड़ गया। कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई।आरोप है कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान उर्फ केला निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच जस्ते की प्लेटें बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इमरान उर्फ केला चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह शाहपुर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित भी चल रहा था।घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group